प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों के पालन को प्रोत्साहित करने तथा पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत विदिशा जिले के चयनित वृंदावन ग्रामों में 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता एवं संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जिले में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता गूलरखेड़ी (विदिशा), गमाखर (बासौदा), भालबामोरा (कुरवाई), बिछिया (नटेरन) तथा मुरारिया (लटेरी) में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में संबंधित ग्रामों के पशुपालकों की उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों को शामिल किया जाएगा।
प्रतिदिन 6 लीटर या अधिक दूध देने वाली गायें होंगी पात्र
प्रतियोगिता का उद्देश्य अधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों की पहचान करना, पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा गिर, साहीवाल, थारपारकर सहित अन्य उन्नत अधिसूचित स्वदेशी नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करना है। योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिदिन 6 लीटर या उससे अधिक दूध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालक प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए पात्र होंगे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाली गाय के पशुपालक को जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के उपरांत हरेक वृन्दावन ग्राम में प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
दूध उत्पादन का सत्यापन और पशुपालकों को मिलेगा मार्गदर्शन
आयोजन के दौरान प्रतियोगिता में शामिल पशुओं की पहचान, दुग्ध उत्पादन एवं संबंधित विवरणों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन, उन्नत नस्लों के पालन, पशु स्वास्थ्य एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की प्रभावी पद्धतियों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। योजना के प्रचार-प्रसार के साथ प्रतियोगिता से संबंधित अभिलेखों का संधारण भी किया जाएगा।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले द्वारा प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां एवं कार्यवाही की जा रही है।
पशुपालकों से सक्रिय सहभागिता की अपील
पशुपालन एवं डेयरी विभाग की उपसंचालक ने चयनित वृंदावन ग्रामों के पशुपालकों से अपील की है कि वे गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना में अधिक से अधिक सहभागिता करें। उन्होंने पशुपालकों से उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों के पालन, वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने तथा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए प्रयास करने का आह्वान किया है। यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।



