धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय संजय गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में 14 से 16 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय विविध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन का उद्देश्य धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके ऐतिहासिक योगदान, जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं तथा देश की स्वतंत्रता एवं सामाजिक चेतना के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयासों से नई पीढ़ी को परिचित कराना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं व्यक्तित्व पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, लोककला एवं जनजातीय नायकों के योगदान पर आधारित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान जनजातीय लोकनृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। नई पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान से परिचित कराना आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय भावना का विकास होता है।
इस अवसर पर डॉ. के.एस. नेताम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा भारतीय इतिहास के महान जननायकों में से एक हैं। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए शोषण एवं अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया। उनका जीवन संघर्ष, साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। तीन दिवसीय आयोजन का समापन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने तथा जनजातीय संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेकर किया गया।



