पीएम जनमन योजना के माध्यम से जिले के सहरिया समुदाय सहित हजारों आदिवासी परिवारों के पक्के मकान के सपने साकार हो रहे हैं। वर्षों से कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को अब सुरक्षित, स्वच्छ और मजबूत आवास की सुविधा मिल रही है।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल के निर्देशन में निरंतर मॉनीटरिंग कर आवास निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है, इसके साथ ही आवास हितग्राहियों को अन्य योजनाओं का लाभ भी प्रदान किये जाने की पहल की गई है।

पीएम जनमन योजना के तहत श्योपुर जिले में अभी तक 20 हजार 557 परिवारों को पक्के आवास प्रदान किये गये है, इस योजना में हितग्राही को 2 लाख रूपये की राशि मकान बनाने के लिए उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे अपनी सुविधा अनुसार स्वयं ही मकान का निर्माण कराते है, इसके साथ ही वीबी जीरामजी योजना में 90 दिवस की मजदूरी भी हितग्राही को दी जाती है, इस राशि के माध्यम से मकान में अन्य सुविधाएं भी हितग्राही द्वारा विकसित की जा रही है।

जिले के ग्राम टर्राखुर्द एवं टिकटोली में भी पीएम जनमन आवास योजना के तहत सहरिया समुदाय के हितग्राही श्रीमती रेशमा आदिवासी एवं श्री लाखन आदिवासी को अपने-अपने पक्के मकान की सौगात मिली है। पक्का घर मिलने से दोनों परिवारों के जीवन में खुशियां आई हैं और उन्हें सुरक्षित भविष्य की नई उम्मीद मिली है। ग्राम टर्राखुर्द की हितग्राही श्रीमती रेशमा आदिवासी बताती हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था।

बारिश के दिनों में घर की छत और दीवारों को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। परिवार को मौसम की मार से बचाने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पीएम जनमन योजना के तहत पक्का आवास मिलने के बाद अब परिवार को सुरक्षित और मजबूत छत मिली है। श्रीमती रेशमा कहती हैं कि अपने पक्के घर में परिवार के साथ रहने की खुशी अलग ही है।

उन्होंने पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी की अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की मंशा से उनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना पूरा हुआ है।

इसी प्रकार ग्राम टिकटोली के हितग्राही श्री लाखन आदिवासी को भी पीएम जनमन आवास योजना के तहत पक्का मकान मिला है। श्री लाखन बताते हैं कि पहले परिवार कच्चे मकान में रहता था, जिससे बारिश और खराब मौसम के दौरान काफी दिक्कत होती थी। पक्का मकान बनने के बाद परिवार को रहने के लिए सुरक्षित और बेहतर स्थान मिला है।

अब परिवार के सदस्यों में खुशी का माहौल है और बच्चों के लिए भी बेहतर वातावरण उपलब्ध हुआ है। श्री लाखन ने कहा कि सरकार की योजना से उनके जैसे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर मिला है। उन्होंने ’’प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि पीएम जनमन योजना उनके परिवार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई है।

पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के पात्र परिवारों को आवास सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। योजना के तहत पक्के आवास मिलने से परिवारों को न केवल सुरक्षित छत मिल रही है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार हो रहा है।

श्रीमती रेशमा आदिवासी और लाखन जैसे हितग्राहियों के लिए पक्का मकान केवल ईंट और सीमेंट से बना घर नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है। पक्के घर की सुविधा मिलने के बाद दोनों परिवार पीएम जनमन योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि सरकार की योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो उनके जीवन में वास्तविक बदलाव दिखाई देता है।

पीएम जनमन योजना ने उनके ’’अपने पक्के घर के सपने को हकीकत में बदलने का काम किया है।