विजयादशमी के पावन अवसर पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के मुख्य आतिथ्य में रायसेन स्थित पुलिस लाईन में ‘शस्त्र पूजन कार्यक्रम’ सम्पन्न हुआ। स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया, एसपी श्री आशुतोष गुप्ता, श्री राकेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा विधिवत शस्त्रों की पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने सभी को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी पर शस्त्र पूजन बुराई पर अच्छाई की, असत्य पर सत्य की विजय, शक्ति, साहस और कर्त्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। भगवान श्रीराम ने रावण का वध करने से पहले अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की थी, जिससे उन्हें विजय प्राप्त हुई थी। आज प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस के शस्त्रागारों में शस्त्रों का पूजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भी इंदौर में पुलिस लाईन में शस्त्र पूजन किया गया है। स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि कि भारतीय सेना में शस्त्र पूजन की परम्परा भारतीय संस्कृति, शौर्य और राष्ट्र रक्षा के संकल्प से जुड़ी है। यह भारतीय परम्परा में शस्त्रों को शक्ति, साहस, आत्मरक्षा और धर्म की रक्षा का सदुपयोग करने और अन्याय के विरूद्ध संकल्प लेना है। शस्त्र-पूजन देश की सैन्य शक्ति, सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक है।