केंद्रीय संचार ब्यूरो और माय भारत द्वारा माणकलाव आंगनवाड़ी केंद्र, जोधपुर में पोषण माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर माय भारत के उपनिदेशक श्री भूपेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि स्वस्थ जीवन की नींव सही पोषण से ही पड़ती है। विशेष रूप से बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। जब हमारे बच्चे स्वस्थ होंगे, हमारी माताएं स्वस्थ होंगी, तभी हमारा परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा।
पोषण का अर्थ केवल भरपेट भोजन करना नहीं है, बल्कि शरीर की आवश्यकता के अनुसार संतुलित और पौष्टिक आहार लेना है। हमारे दैनिक भोजन में हरी सब्जियां, दालें, अनाज, फल, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों का उचित समावेश होना चाहिए। इसके साथ ही स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और नियमित शारीरिक गतिविधि भी अच्छे स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं।
इस अवसर पर माणकलाव के सरपंच श्री पन्नालाल कच्छावा ने कहा कि पोषण माह हमें यह संदेश देता है कि कुपोषण से लड़ना सरकार व विभाग के साथ-साथ हम सभी की जिम्मेदारी है। इसमें परिवार, समाज, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। हमें अपने आसपास के लोगों को भी सही पोषण के प्रति जागरूक करना चाहिए।
इस अवसर पर मीडिया एवं संचार अधिकारी श्री आशीष वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पोषण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों और जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा भी दायित्व है कि इन प्रयासों को जनभागीदारी से और अधिक प्रभावी बनाए। इस पोषण माह पर हम संकल्प लें कि सही पोषण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे और स्वस्थ परिवार से स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
इस अवसर पर माणकलाव आंगनवाड़ी प्रभारी श्रीमती निकिता व सुमित्रा तथाआंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा व सहायिका रीता, माय भारत स्वयंसेवक अरुण कुमार व भजनलाल मौजूद रहे।


