मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के रीठी अध्ययन केंद्र में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू तृतीय वर्ष की कक्षाओं के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत क्षेत्र के वृद्धजनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक श्री रामनारायण राय उपस्थित रहे।
विकासखंड समन्वयक श्री जगह सिंह मसराम ने शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से उनका सम्मान कर उनके अनुभवों और सामाजिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। परामर्शदाता अरुण तिवारी ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा और सामाजिक समरसता के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधीजी का जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता और सेवा की प्रेरणा देता है।
वृद्धजनों का सम्मान भारतीय संस्कृति और संस्कारों की पहचान है।विकासखंड समन्वयक श्री जगह सिंह मसराम ने सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के सिद्धांतों की चर्चा करते हुए युवाओं से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
परामर्शदाता शरद यादव ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।तृतीय वर्ष के छात्र गनपत कोल ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना से संभव है।
उन्होंने जरूरतमंद एवं वृद्धजनों की सहायता करने तथा समाज में सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में सभी को स्वच्छता बनाए रखने और आवश्यक सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में परामर्शदाता अमर बहादुर यादव, साक्षी नामदेव, महेश बर्मन, निर्मिला श्रीवास्तव, लक्ष्मी बर्मन, राघवेंद्र यादव, नीरज श्रीवास्तव, रामचरण रैदास, मीनू प्रधान, सपना सिंह सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संचालन परामर्शदाता शरद यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री अरुण तिवारी ने किया।


