जिले के तीन वृंदावन ग्रामों—कल्याणपुरा, नोगावां एवं रायपुरिया में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने, उन्नत देशी गौवंश के पालन को बढ़ावा देने तथा पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का क्रियान्वयन 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाली गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी एवं अन्य उन्नत अधिसूचित स्वदेशी नस्लों की गायों की पहचान कर उनके पालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। इससे पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ देशी गौवंश के पालन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रतियोगिता में संबंधित वृंदावन ग्राम के निवासी सभी वर्गों के पशुपालक भाग ले सकेंगे। ऐसे पशुपालक, जिनके पास गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी अथवा अन्य उन्नत अधिसूचित स्वदेशी नस्ल की गाय हो तथा उसका दुग्ध उत्पादन प्रतिदिन 6 लीटर या उससे अधिक हो, प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए पात्र होंगे।
पात्र पशुपालकों का पंजीयन नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था में किया जाएगा। पंजीयन के दौरान पशु चिकित्सक द्वारा पशुपालक का नाम एवं पता, पशु का टैग नंबर, नस्ल, आयु, ब्यात संख्या, ब्यात की तिथि, दुग्ध उत्पादन तथा पशु के स्वास्थ्य संबंधी विवरण दर्ज किए जाएंगे।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर किया जाएगा पुरस्कृत
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन के आधार पर चयनित विजेता पशुपालकों को गोवर्धन पूजा के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार राशि प्रथम पुरस्कार: ₹1,00,000 (एक लाख रुपये), द्वितीय पुरस्कार: ₹50,000 (पचास हजार रुपये), तृतीय पुरस्कार: ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) प्रदान की जाएगी।
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जिले में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने, देशी गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन तथा पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



