झाबुआ जिले के मॉडल स्कूल कल्याणपुरा स्थित बालिका छात्रावास में भोजन, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने छात्रावास का निरीक्षण किया, जिसमें झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट भी मौजूद रहे।

200 में से 150 बालिकाएं छात्रावास में रह रहीं

अधिकारियों ने संभागायुक्त को बताया कि छात्रावास में कुल 200 बालिकाएं दर्ज हैं और वर्तमान में 150 बालिकाएं यहां निवासरत हैं। निरीक्षण के समय ये बालिकाएं विद्यालय गई हुई थीं। संभागायुक्त ने उनकी उपस्थिति और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

भोजन और स्वच्छता पर तय मापदंड अपनाने को कहा

संभागायुक्त ने भोजनशाला और रसोईघर की व्यवस्था देखी तथा बालिकाओं के लिए तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता परखी। उन्होंने छात्रावास में स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित मापदंड के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन देने के निर्देश दिए।

बालिकाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भाग लेने के पर्याप्त अवसर देने के लिए छात्रावास में खेल सामग्री उपलब्ध कराने को भी कहा गया। रसोइयों ने मानदेय नहीं मिलने की जानकारी दी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार लंबित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान झाबुआ के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महेश मंडलोई और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।