असंगठित क्षेत्र के कामगारों और श्रमिकों के जीवन में आर्थिक स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा लाने के उद्देश्य से शुरू की गई ' प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना ' अब लोगों के लिए एक बड़ा संबल बन रही है। इस योजना के माध्यम से छोटे कामगार भी अपने बुढ़ापे को सुरक्षित और चिंतामुक्त बना पा रहे हैं। इसी का एक जीवंत उदाहरण हैं जबलपुर की रहने वाली 36 वर्षीय श्रीमती कीर्ति नगाईच, जिन्होंने इस योजना से जुड़कर अपने भविष्य को एक नई मजबूती दी है।
श्रीमती कीर्ति नगाईच ने हाल ही में ' प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना ' में अपना पंजीयन कराया है। योजना की कार्यप्रणाली को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी वर्तमान आयु 36 वर्ष है, जिसके अनुसार उन्हें प्रतिमाह 140 रुपये का अंशदान जमा करना होगा। इस योजना की सबसे बड़ी खूबी यह है कि जितना अंशदान वे जमा करेंगी, उतनी ही राशि भारत सरकार द्वारा भी उनके खाते में सह-योगदान के रूप में जमा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह राशि उनके बैंक खाते से सीधे और आसानी से कट जाती है। यही प्रक्रिया उनकी आयु के 60 वर्ष पूरे होने तक निरंतर जारी रहेगी, जिसमें उनके और सरकार दोनों के माध्यम से बराबर राशि का योगदान किया जाएगा।
60 वर्ष के बाद हर महीने मिलेगी 3 हजार रुपये की निश्चित पेंशन
अपनी खुशी जाहिर करते हुए कीर्ति ने बताया कि जब उनकी आयु 60 वर्ष पूरी हो जाएगी, तब उन्हें इस योजना के तहत हर महीने 3 हजार रुपये की पेंशन मिलना शुरू हो जाएगी। बुढ़ापे के दिनों में आर्थिक तंगी से बेफिक्र होकर जीवन जीने के लिए यह सामाजिक सुरक्षा उनके और उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा सहारा है।
इस योजना से लाभान्वित होने के बाद श्रीमती कीर्ति नगाईच ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया है। उन्होंने अन्य पात्र नागरिकों, विशेषकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से भी अपील की है कि वे इस जनहितकारी योजना का लाभ उठाएं और अपने भविष्य को सुरक्षित करें।



