कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज के ज्वलंत एवं महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने के साथ ही शासन और प्रशासन का ध्यान भी उन विषयों की ओर आकर्षित करते हैं। मीडिया के प्रतिनिधि अत्यंत परिश्रम एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कई ऐसे मुद्दे होते हैं, जिन्हें कोई सामने नहीं ला पाता, लेकिन मीडिया उन्हें प्रमुखता से उठाकर समाज और प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करता है।

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा शनिवार शाम स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित भारतीय पत्रकारिता महोत्सव में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ छायांकन के क्षेत्र से जुड़े फोटोग्राफर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे कैमरे के पीछे रहकर अपने उत्कृष्ट छायाचित्रों के माध्यम से समाज की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। उनका कार्य भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता महोत्सव पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत मीडियाकर्मियों तथा पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए एक उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक मंच है। देशभर से आए अनुभवी पत्रकारों एवं संपादकों के विचारों और अनुभवों से विद्यार्थियों तथा मीडिया जगत से जुड़े प्रतिभागियों को नई दृष्टि एवं महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सीखने और अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए इस प्रकार के आयोजन लगातार आयोजित किए जाना चाहिए।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री वर्मा ने भारतीय पत्रकारिता महोत्सव में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित छायाचित्रों को देखा तथा फोटोग्राफरों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश के अध्यक्ष श्री प्रवीण खारीवाल ने भारतीय पत्रकारिता महोत्सव के उद्देश्यों एवं आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेंद्र जाखेटिया, श्री मनोहर लिम्बोदिया, श्री संजीव मालवीय सहित बड़ी संख्या में मीडिया जगत के प्रतिनिधि एवं पत्रकारिता के विद्यार्थी उपस्थित थे।