प्रदेश के विद्युत पारेषण नेटवर्क को और सुदृढ़ करते हुए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने 132 केवी का एक और एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) सबस्टेशन ऊर्जीकृत कर दिया है। 50 एमवीए क्षमता वाला यह सबस्टेशन प्रदेश का 418वां ईएचटी सबस्टेशन है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि इसके जुड़ने से प्रदेश की पारेषण प्रणाली को नई मजबूती मिली है।
श्री तोमर ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए पारेषण क्षमता का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नया सबस्टेशन औद्योगिक क्षेत्रों और ग्रामीण अंचलों में विश्वसनीय बिजली आपूर्ति के साथ भविष्य की मांग पूरी करने में भी सहायक होगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए एमपी ट्रांसको के अभियंताओं और कार्मिकों को बधाई दी।
औद्योगिक फीडरों पर लोड प्रदाय शुरू
सबस्टेशन चालू होते ही 33 केवी के दो औद्योगिक फीडरों पर सफलतापूर्वक लोड प्रदाय शुरू कर दिया गया है।
यह सबस्टेशन ग्वालियर जिले के बिलौआ में स्थित है। यहाँ से 33 केवी के चार फीडरों के माध्यम से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को बिजली दी जाएगी। इससे 119 औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयों, लगभग 60 गांवों के घरेलू व कृषि उपभोक्ताओं, दो नगर परिषदों और बीएसएफ प्रशिक्षण केंद्र सहित करीब 70 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।


