जैविक खेती के साथ-साथ शासकीय योजनाओं व काय्रक्रमों की ग्रामीणों को दी गई जानकारी

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के अलग-अलग विकासखंडों में शिविर आयोजित कर शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में ग्रामीण जनों को महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने क्रम जिले में जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को आंतरी में मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में 300 से अधिक ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों द्वारा शिविर में ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की गई और अधिकतर प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के निराकरण के लिये समय-सीमा निर्धारित की गई।

आंतरी में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में अपर कलेक्टर श्री सी बी प्रसाद, नगर पालिका अध्यक्ष आंतरी श्रीमती सुनीता शर्मा, एसडीएम श्री राजीव समाधिया, सहायक श्रम आयुक्त श्री आशीष तिवारी सहित विभागीय अधिकारी, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। अपर कलेक्टर श्री सी बी प्रसाद ने शिविर में लगाए गए विभागीय काउण्टरों पर जाकर विभिन्न हितग्राहियों से विस्तार से चर्चा की और उनकी समस्याओं को सुनकर निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने चर्चा के दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राही अपने जीवन को और बेहतर बना सकते हैं। अपने स्वयं के लिये और परिवार के लिये रोजगार स्थापित करने हेतु भी शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है।

शिविर में उद्योगों से जुड़े व्यापारियों से भी संवाद स्थापित किया गया। उद्योगों से जुड़े लोगों ने अपने-अपने व्यवसाय के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और शासन से अपेक्षाओं के संबंध में भी बताया। संवाद के दौरान अधिकारियों ने केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किस प्रकार से रोजगार को स्थापित करने, उसे बढ़ाने के लिये मदद मिलती है, इस संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।

आंतरी में आयोजित शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को और चाक-चौबंद करने के संबंध में मैदानी अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए।

उन्नत कृषक श्री रामसेवक ने जैविक खेती के बताए फायदे

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आंतरी में आयोजित हुए शिविर के दौरान उन्नत कृषक श्री रामसेवक कुशवाह ने मंच से किसान भाईयों को जैविक खेती के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जैविक खेती से अनेक लाभ किसानों को प्राप्त होते हैं। श्री कुशवाह ने बताया कि उसने स्वयं अपनी 5 बीघा भूमि पर जैविक खेती को अपनाकर अपनी आय को बढ़ाया है। वहीं शुद्ध और अधिक उत्पादन प्राप्त करना भी प्रारंभ किया है। उन्होंने किसान भाईयों से आग्रह किया है कि वे अपनी-अपनी भूमि पर जैविक खेती को अपनाएं ताकि उनको बेहतर उत्पादन और आर्थिक संबल मिल सके।

शिविर से पहले अधिकारियों ने देखी विभिन्न संस्थायें

मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर आंतरी में आयोजित किया गया। विभागीय अधिकारियों द्वारा शिविर से पूर्व विभिन्न केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इसमें आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल, हॉस्पिटल, सहकारिता के कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। एडीएम श्री सीबी प्रसाद ने स्कूलों का निरीक्षण किया वहीं महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती उपासना राय ने आंगनबाड़ी केन्द्रों में पहुँचकर बच्चों से चर्चा की। इस अवसर पर कुपोषण निवारण के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सागर ने भी आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य के क्षेत्र में दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।