मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी 4 अक्टूबर को धार जिले की डही तहसील के प्रस्तावित कार्यक्रम 'डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना' का भव्य शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन एवं कार्यक्रमों को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। तैयारियों की समीक्षा एवं निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना तथा पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने प्रशासनिक व पुलिस अमले के साथ डही क्षेत्र का निरीक्षण किया।
हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
दौरे के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री के आगमन हेतु बनाए जा रहे हेलीपैड, मुख्य सभा स्थल और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। कलेक्टर श्री मीना ने संबंधित अधिकारियों को मंच व्यवस्था, नागरिकों की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा यातायात के सुगम आवागमन को लेकर कड़े निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात डायवर्जन एवं कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सिंचाई परियोजना स्थल का लिया जायजा
प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने पूर्ण हो चुकी डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना (Dahi Micro Lift Irrigation Project) स्थल का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से कई गाँवों की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई हेतु नर्मदा जल उपलब्ध होगा, जिससे क्षेत्रीय किसानों के जीवन में आर्थिक समृद्धि आएगी। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय राजस्व अमला तथा जल संसाधन विभाग के इंजीनियर व कर्मचारी उपस्थित रहे।


