विधायक श्री आशीष शर्मा और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने कुसमानिया स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती आदिवासी कन्या आश्रम शाला का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आश्रम में रह रही छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान छात्राओं ने कविताएं भी सुनाई।
विधायक श्री शर्मा एवं कलेक्टर श्री सिंह ने छात्राओं से चर्चा कर उनके शिक्षण स्तर, दैनिक व्यवस्थाओं और आश्रम में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। छात्राओं के तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री सिंह ने आश्रम शाला के लिए तत्काल एक कंप्यूटर प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने छात्राओं की मांग पर आश्रम का रंग बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्रम में गर्म पानी के लिए अतिरिक्त गीजर लगाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री शर्मा और कलेक्टर श्री सिंह ने आश्रम के रसोई घर (किचन) का भी अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की और मेन्यू के अनुसार पौष्टिक व स्वच्छ भोजन देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूल के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए संस्था प्रमुख को परिसर में समय-समय पर अनिवार्य रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सौम्या जैन सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।




