भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के मान से निर्वाचक नामावली का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इस संबंध में कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश द्वारा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार मतदाता नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाहियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए सभी अधिसूचित पदों पर नियुक्तियां पूर्ण रखने तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के लॉगिन क्रेडेंशियल सक्रिय रखने को कहा गया है। निर्देशों में यह भी कहा गया है कि सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। स्थानांतरित, परिवर्तित अथवा सेवानिवृत्त बीएलओ के स्थान पर नए बीएलओ की नियुक्ति निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप की जाए तथा सभी बीएलओ के लॉगिन क्रेडेंशियल सक्रिय रखे जाएं। मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य को गति देने के लिए 21 नवंबर 2026 (शनिवार), 22 नवंबर 2026 (रविवार), 5 दिसंबर 2026 (शनिवार) एवं 6 दिसंबर 2026 (रविवार) को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों को इन कैंपों के आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा सभी संबंधितों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने निर्देशित किया है कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाहियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।