जल संरक्षण एवं जल संचयन के प्रति जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से मंगलवार को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा द्वारा जल संचय अभियान के अंतर्गत का राबोह डेम में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी, डॉ. लता नागले, श्रीमती तृप्ति सिंह एवं श्री आशीष साहू के नेतृत्व में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने श्रमदान किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों ने प्रात: से ही हाथों में फावड़ा और घमेला लेकर डेम के आसपास जमा गंदगी, पाउच, पानी की पॉलिथीन एवं अन्य कचरे को एकत्रित किया। साथ ही जलाशय में जमा गाद निकालने एवं जल स्रोत की स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। सभी ने ' साथी हाथ बढ़ाना ' गीत गुनगुनाते हुए सामूहिक सहभागिता से जलाशय के किनारे की गंदगी साफ की।
श्रमदान में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी अमित बर्खानिया, चीतेश डेहरिया, कामेश सूर्यवंशी, दीपिका मंडरा, प्रेरणा बनारिया, सोनाली यादव, तरुण भुवाडे, हर्षित धुर्वे, अक्षय, दीपक मालवी, जाकिर खान, प्रियंका पवार, रोशनी पराड़कर, रामवती उइके, हुमैरा खान, रफत खान, रिचा भारद्वाज, रोशनी खंडागडे, सोनम सहारे, दिव्या, नेहा, आकांक्षा, सानू खान एवं तनुश्री कोचे सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों ने सक्रिय सहभागिता की।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी एवं डॉ. लता नागले ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए सभी से जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए सभी को सामूहिक रूप से प्रयास करना चाहिए, तभी भविष्य में जल संकट से बचा जा सकता है। परामर्शदाता श्रीमती तृप्ति सिंह एवं श्री आशीष साहू ने जल का महत्व बताते हुए कहा कि जल है तो कल है और जल ही जीवन है। इसलिए जल स्रोतों का संरक्षण करना अत्यंत आवश्यक है।
डेम के आसपास स्वच्छता अभियान संपन्न होने के बाद ग्राम कराबोह के ग्रामीणों के बीच जल संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जल संरक्षण के महत्व एवं इसमें जनभागीदारी की भूमिका पर चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।




