राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में वृद्धजनों (वरिष्ठ नागरिकों) के लिए एक दिवसीय विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित रहेगा।

शिविर में उपलब्ध होगी प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुविधाएं सीएमएचओ डॉ. आर.के.वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में सामान्य एवं दीर्घकालिक रोग उपचार, वृद्धजनों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, बीपी, शुगर तथा पुरानी व गंभीर बीमारियों का परीक्षण कर परामर्श दिया जायेगा।

अस्थि रोग विशेषज्ञ सेवाएं जिसमें जोड़ों के दर्द, गठिया, कमर दर्द एवं हड्डी से जुड़े रोगों की विशेष जांच एवं उपचार, वृद्ध महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच, विशेष देखभाल एवं चिकित्सकीय परामर्श, सर्जरी परामर्श तथा दांतों से संबंधित समस्याओं का परीक्षण, मानसिक तनाव, अवसाद व एकाकीपन से जुड़ी समस्याओं की स्क्रीनिंग और परामर्श सत्र, नेत्र परीक्षण के तहत वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जायेगी।

वहीं शारीरिक अक्षमता, मांसपेशियों के दर्द एवं अकड़न से राहत हेतु फिजियोथेरेपी सेवाएं, पैथोलॉजी जांच, डिजिटल एक्स-रे, ब्लड प्रेशर व ब्लड शुगर की त्वरित जांच तथा आवश्यक दवाओं का मौके पर ही निःशुल्क वितरण तथा शिविर स्थल पर वरिष्ठ नागरिकों के प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी पंजीयन की विशेष व्यवस्था रहेगी।

जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे 1 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ उठाएं।